गुरुग्राम। रोटरी पब्लिक स्कूल सेक्टर-22 के प्री-प्राइमरी विंग द्वारा शनिवार को वार्षिक अभिभावक दिवस समारोह आयोजित किया गया। यह रंगारंग अवसर नन्हे शिक्षार्थियों की सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और निखरती प्रवृत्तियों का सुंदर प्रदर्शन था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रश्मि खुराना, अध्यक्ष, रोटरी क्लब गुडग़ांव एवं चेयरमैन, रोटरी सर्विस ट्रस्ट ने शिरकत की। विद्यालय प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष पी.पी. सुभाष चंद वसिंगला, पी.पी. अविनल जैन प्रबन्धन समिति के विशिष्ट सदस्यगण, रोटेरियन, अभिभावकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के हरित स्वागत से हुआ, जो विद्यालय की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता हेतु ईश्वर से आशीर्वाद की कामना की गई। नन्हें कलाकारों ने अपने मनमोहक एवं सुशिक्षित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का हृदय जीत लिया। एल.के.जी. के विद्यार्थियों द्वारा द वैल्यू ऑफ टाइम-ए म्यूजिकल कॉन्सर्ट के माध्यम से दैनिक जीवन में समय के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। लयबद्ध संवादी एवं सजीव नाट्य दृश्यों के माध्यम से उन्होंने समयपालन, अनुशासन, जिम्मेदारी तथा नियमित दिनचर्या के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. रश्मि खुराना ने माता-पिता को बच्चों के जीवन का आधार और प्रथम शिक्षक बताते हुए उनके सहयोग की सराहना की। एवरेस्ट कोई अकेले नहीं जीत सकता कहकर उन्होंने समझाया कि माता-पिता और शिक्षक मिलकर काम करें तो ही बच्चे सफलता के शिखर तक पहुंचते हैं। साथ ही विद्यालय नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए बच्चों के लिए सीमित स्क्रीन टाइम और सही मार्गदर्शन की सलाह दी।