चंडीगढ़: पंजाबी साहित्य और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय लेखिका एवं पत्रकार हरदीप कौर को उनकी निरंतर साहित्यिक गतिविधियों, समाज से जुड़ी सशक्त लेखनी और विशेष योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक सथ, चंडीगढ़ द्वारा ‘साहित्यकारा किरण बेदी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि हरदीप कौर की चर्चित पुस्तक ‘श्मशान घाट सौं गया" को पहले ही पंजाबी साहित्य जगत में विशेष पहचान मिल चुकी है। इस पुस्तक का विमोचन पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां द्वारा किया गया था, जिसे साहित्यिक क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा गया।
यह सम्मान समारोह 4 जनवरी को पंजाब कला भवन, सेक्टर-16, चंडीगढ़ में आयोजित तीसरे राज्य स्तरीय कवि दरबार एवं प्रथम काव्य संग्रह ‘तेरी रहमत’ के लोकार्पण समारोह के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में साहित्यिक सौहार्द, विचार-विमर्श और रचनात्मक गतिविधियों का विशेष माहौल बना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि हरभजन सिंह भगर्थ, अध्यक्ष विश्व साहित्यिक सितारे मंच (रजि.), तरनतारन रहे। जबकि विशेष अतिथियों में बाबू राम दीवाना, अध्यक्ष साहित्य कला संस्कृति मंच (रजि.), मोहाली तथा प्रिंसिपल बहादर सिंह गोसल, अध्यक्ष विश्व पंजाबी प्रचार सभा, चंडीगढ़ शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शब्द गायन से हुई। इसके उपरांत पंजाब एवं दिल्ली के विभिन्न जिलों से आए कवियों और कवयित्रियों ने अपनी-अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं। वक्ताओं ने कहा कि हरदीप कौर की लेखनी समाज के हाशिये पर खड़े मुद्दों को मुखर आवाज़ देती है और उनकी पुस्तक ‘श्मशान घाट सौंगियाँ’ इसका सशक्त उदाहरण है। सथ के अध्यक्ष राजविंदर सिंह गड्डू, जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर कौर शेरगिल, सीनियर उपाध्यक्ष राजिंदर सिंह धीमान एवं उपाध्यक्ष डॉ. राजिंदर रेनू द्वारा आए हुए सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया गया। समारोह के अंत में पुस्तक में शामिल साहित्यकारों को पुस्तकें एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।