संगरूर। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में जीएसटी के नाम पर खुली लूट हो रही है। वित्त मंत्री द्वारा जीएसटी राजस्व में 16 प्रतिशत वृद्धि के दावे केवल आंकड़ों की हेराफेरी है। अरविंद खन्ना ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि अप्रैल से नवंबर तक 17,860 करोड़ रुपये का कलेक्शन दिखाकर सरकार जनता को गुमराह कर रही है। हकीकत यह है कि व्यापारियों के जीएसटी रिफंड जानबूझकर महीनों से रोके गए हैं और मई से लेकर आज तक फाइलें धूल खा रही हैं और सरकार झूठा राजस्व दिखाकर अपनी नाकामी छिपा रही है।
धमकियों व नोटिसों से व्यापारियों को दबा रही सरकार
उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसटी विभाग को हर व्यापारी पर चार-चार निरीक्षण और हर महीने लगभग 100 करोड़ रुपये की लक्षित वसूली के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों द्वारा पेनल्टी के नाम पर धमकियों व नोटिसों के जरिए व्यापारियों को दबाने की नीति अपनाई जा रही है। यह साबित करता है कि डराकर, धमकाकर और घुटने टेकने पर मजबूर करके पैसा निकाला जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में टैक्स सुधार नहीं कहा जा सकता।
भाजपा नेता ने कहा कि यदि वास्तव में राजस्व बढ़ रहा है तो फिर शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों, अर्बन बॉडीज़ के कर्मचारियों और पेंशनरों को अपनी तनख्वाहों और पेंशनों के लिए सडक़ों पर क्यों उतरना पड़ रहा है। यह साबित करता है कि पंजाब का खजाना खाली है और सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। एक तरफ आम आदमी पार्टी ‘ईज़ ऑफ बिजऩेस’ के झूठे दावे कर रही है और दूसरी तरफ व्यापारियों की वर्किंग कैपिटल जब्त कर उन्हें कारोबार बंद करने की ओर धकेला जा रहा है।