चंडीगढ़। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से राज्य के सभी राजकीय स्कूलों में वन स्कूल एप पर छात्रों का डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। सेकेंडरी शिक्षा निदेशक की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और बीपीएल श्रेणी के पात्र विद्यार्थियों से संबंधित छात्रवृत्ति डेटा को 30 अक्टूबर तक अपडेट किया जाए।
छात्रों की हाजिरी 30 तक वन स्कूल पोर्टल पर करनी होगी अपडेट
आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को डाटा अपडेट होने पर मिलेगी छात्रवृत्ति
निदेशालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि वन स्कूल एप पर छात्रों का डाटा अपडेट होने के बाद ही छात्रों को छात्रवृत्ति मिल पाएगी। दरअसल, शिक्षा विभाग की ओर से अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और बीपीएल श्रेणी के पात्र विद्यार्थियों को तिमाही छात्रवृत्ति दी जाती है, विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति उनकी विद्यालय उपस्थिति या अनुपस्थिति के आधार पर दी जाती है, जिनका डाटा विद्यालय स्तर पर वन स्कूल एप पोर्टल पर अपडेट किया जाता है।
सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने अधीनस्थ विद्यालय प्रमुखों को हिदायत दें कि 13 से 30 अक्टूबर की समय अवधि के भीतर पात्र छात्रों की उपस्थिति व छात्रवृत्ति डाटा पोर्टल पर अपलोड करें। निदेशालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि 30 अक्टूबर के बार वन स्कूल एप पोर्टल पर छात्रों का डाटा अपडेट नहीं होगा।