चंडीगढ़। हरियाणा के प्राइवेट स्कूल संघ ने 1032 अस्थाई स्कूलों को एक्सटेंशन जारी करने तथा 2808 स्कूलों के लिए एमआईएस पोर्टल खोलने की मांग की है। प्राइवेट स्कूल संघ का एक प्रतिनिधिमंडल आज माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक जितेंद्र कुमार से मिला।
हरियाणा के 1032 अस्थाई स्कूलों को जारी हो एक्सटेंशन
शिक्षा निदेशक से मिला प्राइवेट स्कूल संघ का प्रतिनिधिमंडल
2808 स्कूलों की एमआईएस पोर्टल खोलने की मांग
खेल मंत्री के पास भेजी निजी खेल नर्सरी की फाइल
संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपते हुए 1032 अस्थाई स्कूलों का एक्सटेंशन लेटर जारी करने, 2808 स्कूलों का एमआईएस पोर्टल खोलने तथा चिराग योजना, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) एवं 134 ए का बकाया पैसा जारी करने आदि मांग को उठाया, जिस पर निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि अस्थाई स्कूलों की एक्सटेंशन फाइल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास भेज दी गई है और आरटीई पोर्टल, चिराग योजना व 134 ए की बकाया राशि के लिए अधिकारियों की मीटिंग बुलाने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेशाध्यक्ष के अलावा प्रदेश सचिव प्रदीप पूनिया, वरिष्ठ उप प्रधान संजय धतरवाल, प्रांतीय सलाहकार शामलाल शर्मा, सुरेश आदि प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दूसरी तरफ संघ का यह प्रतिनिधिमंडल ताऊ खेल स्टेडियम पंचकूला स्थित खेल विभाग के मुख्यालय में खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक अश्वनी मलिक से मिला और ज्ञापन सौंपते हुए संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा कि सरकारी संस्थानों व पंचायतों को तो खेल नर्सरी दे दी गई जिसका हम आभार प्रकट करते हैं लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद अभी तक निजी स्कूलों को खेल नर्सरी नहीं दी गई है इसको लेकर उनमें अभ्यास कर रहे खिलाडिय़ों व निजी स्कूलों में निराशा का माहौल बना हुआ है इसलिए निजी खेल नर्सरी जल्द से जल्द शुरू की जाए।