चंडीगढ़। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने दिल्ली में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना व जैपनीज गार्डन में भगवान परशुराम की 121 फुट की भव्य प्रतिमा निर्माण का समर्थन किया है। दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने विप्र समाज द्वारा उठाई गई मांग का समर्थन करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समुदाय ने सबको साथ लेकर समाज को मजबूत दिशा दी है।
दिल्ली में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड व जैपनीज गार्डन में भगवान परशुराम प्रतिमा स्थापना को समर्थन: डॉ अरविंद शर्मा
पीतमपुरा में ब्राह्मण महासम्मेलन में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री ने दिल्ली मुख्यमंत्री को किया अनुरोध
ब्राह्मण ने सबको साथ लेकर समाज को मजबूत दिशा दी
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा रविवार को वेस्ट एनक्लेव, पीतमपुरा में श्री मैथिली ब्राह्मण सभा दिल्ली द्वारा आयोजित अंतरराज्यीय श्री ब्राह्मण महासम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहुंची थी, जबकि दिल्ली सरकार में सहकारिता मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज, विधायक पवन शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
विप्र समाज द्वारा निरन्तर दिल्ली में ब्राह्मण कल्याण संघ की सरकार के समक्ष उठाई जा रही मांग व जैपनीज गार्डन में भव्य भगवान परशुराम प्रतिमा की स्थापना को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के समक्ष रखा गया। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने इन मांगों को समर्थन देते हुए कहा कि ब्राह्मण हमेशा समाज को साथ लेकर चलने वाला रहा है, ताकि समाज व देश को मजबूत बनाया जा सके।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने समाज के प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वो युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए निरन्तर काम करें। युवाओं को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ उनकी रुचि के अनुरूप कौशल विकास के अवसर उपलब्ध करवाने की जरूरत है, ताकि सभी अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि सामाजिक व राजनीतिक तौर पर मजबूत बने रहने के लिए जागरूक रहना होगा और इसके लिए मिलकर संगठन व समुदाय को मजबूत करें।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के वीरेंद्र शांडिल्य, रमेश मुदगिल, विजय पाल, ईश्वर वत्स, धर्मबीर भारद्वाज, कृष्णलाल शर्मा, योगेश भारद्वाज, पुनीत शर्मा, अश्वनि कौशिक आदि उपस्थित रहे।