चंडीगढ़। अंबाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा मंडियों में सरकारी खरीद का दावा किया जा रहा है, लेकिन सच्चाई यह है कि 10 दिन बीत जाने के बाद भी खरीद शुरू नहीं हुई है। मंडियों न तो फसल खरीद हो रही है और न ही उठान। सरकार जानकारी दे कि पिछले 10 दिनों में कितनी फसल की खरीद हुई है। अभी तक मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल वेरीफिकेशन भी पेडिंग है। खदीद के 10 दिन बाद आई-बिल सत्यापन का कार्य शुरू हुआ है, जबकि सरकार की ओर से 72 घंटे में पेमेंट देने का दावा किया जा रहा है। सरकार बताए कि अब तक 72 घंटे में कितने किसानों के खातों में फसल खरीद का भुगतान किया गया है।
सांसद वरुण चौधरी ने मंडियों में फसल खरीद का जायजा लिया और किसानों, आढ़तियों व मजदूरों की समस्याएं सुनी। किसानों ने सांसद को अवगत कराया कि बाढ़ के कारण फसल को नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन घटा है। किसानों ने बताया कि नमी के नाम पर भी उनसे लूट की जा रही है।
सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले धान के किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का रेट देने का वादा किया था, लेकिन न पिछले सीजन में और न ही इस सीजन में यह वादा पूरा हुआ। आज प्रदेश की मंडियों में धान की आवक तेज़ है, लेकिन खरीद न होने से किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। 2,369 रुपये एमएसपी की धान को 1,900 से 2,000 रुपये प्रति क्विंटल के रेट पर खरीदा जा रहा है। किसान बाढ़ की मार से उबर भी नहीं पाया कि अब उसे सरकारी मार ने अपनी चपेट में ले लिया।
सरकार जानकारी दे, पिछले 10 दिनों में कितनी एमएसपी पर हुई फसल खरीद: वरुण चौधरी
आरोप : मंडियों में अव्यवस्था का आलम, न खरीद न उठान और नमी के नाम पर लूट का अंदेशा
बोले : सरकार का 72 घंटे में पेमेंट अदायगी का दावा, 10 दिन बाद आई-बिल सत्यापन हुआ शुरू, सरकार बताए कितने किसानों के खातों में फसल खरीद का भुगतान, पोर्टल वरीफिकेशन पेडिंग
सांसद ने मंडियों का दौरा कर सुनी किसानों की समस्याएं, खरीद कार्य का लिया जायजा
अंबाला संसदीय क्षेत्र में बाढ़ से फसल खराब ज्यादा, उत्पादन 40 से 50 प्रतिशत घटा, प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दे सरकार
सांसद वरुण चौधरी ने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में बाढ़ और जलभराव के चलते किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। सरकार को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही, उत्पादन भी 40 से 50 प्रतिशत घटा है, जिसकी एवज में किसानों को एक हजार रुपये प्रति क्विंटल अलग से मुआवजा दिया जाना चाहिए।
पूर्व सीएम हुड्डा की सीएलपी लीडर की नियुक्त से कांग्रेस को मिलेगी मजबूती
सांसद वरुण चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाए जाने और पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कि दोनों अनुभवी नेता हैं, उनकी नियुक्त से कांग्रेस मजबूत होगी। इसके साथ ही पूर्व सीएम हुड्डा की अगुवाई में सभी विधायक एकजुट होकर सदन से लेकर सड़क तक जनता की आवाज बुलंद करेंगे और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह नई नियुक्तियां कांग्रेस पार्टी के लिए एक नई शुरुआत है तथा आने वाले समय में हुड्डा-राव की जोड़ी के नेतृत्व में एक मजबूत विपक्ष के रूप में उभरने तथा 2029 में सत्ता में वापसी करेगी।