चंडीगढ़। एक तरफ जहां पूर्व बृजेंद्र सिंह हरियाणा में सदभाव यात्रा की तैयारियां कर रहे हैं वहीं प्रदेश कांग्रेस ने इस यात्रा से किनारा कर लिया है। बृजेंद्र सिंह हिसार के पूर्व सांसद और कांग्रेस ओवरसीज विभाग के वाइस चेयरमैन हैं। उन्होंने कांग्रेसियों को एकजुट करने के साथ ही अपनी स्वयं की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के इरादे से पांच अक्टूबर से सद्भावना यात्रा शुरू करने की घोषणा कर रखी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले, बृजेंद्र की यात्रा पार्टी की अधिकारिक यात्रा नहीं
हरियाणा में फिर से अटका सीएलपी का ऐलान
बृजेंद्र सिंह मंगलवार को चंडीगढ़ में अपनी यात्रा का औपचारिक ऐलान करेंगे। वहीं इससे एक दिन पहले हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने सोमवार को चंडीगढ़ में कहा कि बृजेंद्र सिंह की पदयात्रा व्यक्तिगत है। पदयात्रा में शामिल होने की ऐसी कोई बात नहीं है। कांग्रेस पार्टी का निर्देश होगा, तभी मैं यात्रा में जाऊंगा। कांग्रेस पार्टी की तरफ से फिलहाल कोई निर्देश नहीं आया है।
चौधरी उदयभान ने कांग्रेस विधायक दल के नेता की नियुक्ति से जुड़े सवाल पर कहा कि इसका फैसला कांग्रेस हाईकमान को करना है। अभी फैसला लंबित है। फैसला आते ही इसकी जानकारी दे दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम का फैसला जल्दी हो जाने के संकेत दिए हैं। साथ ही कहा कि कांग्रेस का जिला व ब्लाक स्तर का संगठन जल्दी बनकर तैयार होगा, जिसकी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने इनेलो व जजपा की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूरा चौटाला परिवार भाजपा की गोद में बैठा हुआ है। इनमें रणजीत चौटाला भी शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला का नाम लेकर कहा कि उनकी विश्वसनीय खत्म हो चुकी है। उनके जितने भी कार्यक्रम होते हैं, वह भाजपा को लाभ देने के लिए समर्पित होते हैं। अभय चौटाला भाजपा के कहे अनुसार चल रहे हैं। राष्ट्रपति का चुनाव हो, राज्यसभा का चुनाव हो अथवा उपराष्ट्रपति का चुनाव हो, हर जगह पर अभय चौटाला भाजपा के साथ चलते रहे हैं।