चंडीगढ़। हरियाणा के 12 से अधिक युवाओं ने नौकरी के लिए इजराइल जाने की इच्छा जताई है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने इजराइल के लिए केयर वर्कर्स की भर्ती का ऐलान किया है,जिसका मंगलवार को अंतिम दिन है। इससे पहले भी हरियाणा सरकार प्रदेश के युवाओं को कई देशों में नौकरी दिलवा चुकी है। इजराइल में भारतीय वर्कर्स की मांग लगातार बढ़ रही है, खासकर केयर वर्कर्स के लिए, जो नर्सिंग होम्स में बुजुर्ग या दिव्यांग लोगों की देखभाल करते हैं। इन्हें सफाई, खाना पकाना, दवाई देना, कपड़े पहनाना और रोजमर्रा के छोटे-बड़े कामों में मदद करनी होती है। हरियाणा में अब तक 12 हजार युवाओं ने इस नौकरी के लिए आवेदन किया है।
हरियाणा के 12 हजार युवाओं ने इजराइल में नौकरी को किया आवेदन
केयर वर्कर्स के लिए लगातार कर रहे आवेदन
इस भर्ती के जरिए उम्मीदवारों को इजराइल के नर्सिंग होम और केयर सेंटर में दिव्यांगजनों की देखभाल करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिसकी एवज में केयर वर्कर्स को लगभग 1 लाख 37 हजार 745 रुपए प्रति माह सैलरी मिलेगी। इन भर्तियों के लिए आवेदक की उम्र 25 से 45 साल के बीच होनी चाहिए, वजन 45 किलोग्राम से ज्यादा नहीं होना चाहिए और लंबाई कम से कम 1.5 मीटर होनी जरूरी है। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास और इंग्लिश बोलने की क्षमता होनी चाहिए। इसके साथ 42 दिनों का केयर गिविंग सर्टिफिकेट या नर्सिंग, फिजियोथैरेपी, डिप्लोमा या दाई से संबंधित सर्टिफिकेट होना चाहिए। अगर किसी ने जीएनएम, एएनएम, बीएससी नर्सिंग या पोस्ट नर्सिंग कोर्स किया है, तो नौकरी पाने की संभावना और ज्यादा बढ़ जाती है।