जीरकपुर। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एनके शर्मा ने कहा है कि नाभा साहिब में डायरिया के कारण हुई दो मौतों के लिए सीधे तौर पर नगर परिषद जिम्मेदार है। नगर परिषद के अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। नाभा में डायरिया फैलने की खबरों के बाद पूर्व विधायक एनके शर्मा ने आज गांव का दौरा किया और ग्रामीणों से बातचीत की। नाभा साहिब में डायरिया के कारण एक महिला एक पुरूष की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों से बातचीत के बाद एनके शर्मा ने बताया कि यहां पिछले लंबे समय से सफाई नहीं हुई है और सीवरेज ओवरफ्लो है। जगह-जगह गंदा पानी है।
नाभा साहिब में मौतों के लिए नगर परिषद अधिकारियों पर दर्ज हो एफआईआर: एनके शर्मा
पूर्व विधायक ने डायरिया प्रभावित ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
न पानी निकासी का प्रबंध, सीवरेज हैं ओवरफ्लो
उन्होंने कहा कि पूर्व अकाली सरकार के कार्यकाल के दौरान यहां हर साल बरसात के मौसम में फोगिंग करवाई जाती थी। नाभा साहिब में लंबे समय से फोगिंग नहीं हुई है। गांव का दौरा करने के बाद ऐसा प्रतीत हुआ है जैसे यह गांव पंजाब का हिस्सा नहीं है और पंजाब में कोई सरकार नहीं है। पूर्व विधायक ने कहा कि नाभा साहिब ही नहीं जीरकपुर क्षेत्र के कई गांवों तथा वार्डों में गंदगी व दूषित पानी सप्लाई के चलते डायरिया फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्य में कोताही बरतने के आरोप में जीरकपुर नगर परिषद के अधिकारियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया जाना चाहिए।