चंडीगढ़। हरियाणा के 97 राजकीय सहायता प्राप्त कॉलेजों के 2465 शिक्षक और कर्मचारी भारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इन्हें पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। जिन शिक्षकों को वेतन नहीं मिला है उनमें 1665 शिक्षक और 800 गैर शिक्षक कर्मचारी शामिल हैं।
हरियाणा के सहायता प्राप्त कॉलेज प्राध्यापकों को नहीं मिला वेतन
एसोसिएशन से सीएम से मुलाकात को मांगा समय
हरियाणा कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से मुलाकात को समय मांगा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष दयानंद मलिक के अनुसार करीब 34 करोड़ रुपए प्रतिमाह इन कॉलेजों पर खर्च होते हैं। इनमें शिक्षकों व सभी वर्ग के कर्मचारियों का वेतन शामिल है। ऐसे में तीन माह का बकाया 100 करोड़ से अधिक हो चुका है। वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों और कर्मचारियों की जिंदगी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। इन्हें परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और अब त्योहारी सीजन में समस्या और बढ़ गई है।
दयानंद मलिक के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर मुलाकात के लिए समय मांगा गया है। सीएम को पत्र लिखकर भी स्पष्ट किया है कि वर्षों से लंबित मांगों और अब रुके वेतन ने कर्मचारियों को निराश कर दिया है। संघ अध्यक्ष का कहना है कि यह बेहद शर्मनाक है कि कॉलेज स्टाफ को महीनों वेतन के लिए तरसना पड़ता है। त्योहारी सीजन में शिक्षकों का वेतन रोकना सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, चल्कि संवेदनहीनता का बड़ा उदाहरण है।