चंडीगढ़। लोक सभा सचिवालय और हरियाणा विधान सभा सचिवालय की ओर से विधान सभा और हरियाणा सरकार के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बुधवार को विधान सभा के अधिकारियों के साथ बैठक की। संविधान एवं संसदीय अध्ययन संस्थान के सहयोग से यह कार्यक्रम चंडीगढ़ स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान में 26 और 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
हरियाणा के अधिकारी व कर्मचारी सीखेंगे लेजिस्लेटिव ड्राफ्टिंग की बारीकियां
हरियाणा विधान सभा ‘विधायी प्रारूपण’ पर करवाएगी प्रशिक्षण
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला करेंगे उदघाटन
इस कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को लेजिस्लेटिव ड्राफ्टिंग की बारीकियां सिखाई जाएंगी। कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र शुक्रवार सुबह 10 बजे होगा। इस अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ.कृष्ण लाल मिड्ढा, लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह, हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, विधान सभा सचिव राजीव प्रसाद संबोधित करेंगे। इसके बाद कर्नाटक विधान सभा अध्यक्ष यू.टी. खादर फरीद भी प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह 27 सितंबर को दोपहर बाद होगा। इसे हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, विधान सभा हरियाणा विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा संबोधित करेंगे। इस दौरान उन्होंने एक-एक व्यवस्था के बारे में जानकारी ली तथा अधिकारियों को इसकी सफलता के लिए उत्साह से काम करने के लिए कहा।