चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए हिसार निवासी सत्रह वर्षीय गुमशुदा बालिका हर्षिता को सकुशल ढूंढ लिया है। यह मामला थाना आजाद नगर, हिसार में 30 सितंबर 2024 को दर्ज अभियोग से संबंधित है, जो श्रीमती रागनी सोनी द्वारा अपनी पुत्री के अचानक लापता हो जाने की शिकायत पर पंजीकृत हुआ था। शिकायत अनुसार, 28 सितम्बर 2024 की सुबह हर्षिता बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई थी। परिवारजन और रिश्तेदारों ने हर संभव खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।
अनुसंधान की दिशा
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारम्भिक अनुसंधान स्थानीय पुलिस द्वारा किया गया, किन्तु जब कोई ठोस परिणाम नही मिलने पर मामले को राज्य अपराध शाखा, हरियाणा को हस्तांतरित कर दिया गया। मानव तस्करी निरोधक इकाई ने जांच की बागडोर संभालते हुए दक्षता और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया। सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इत्यादि का तकनीकी उपकरणों की सहायता से गहन पड़ताल की गई। प्रदेश ही नहीं, पड़ोसी राज्यों के अनाथ आश्रमों और बाल संरक्षण गृहों में भी तलाश की गई। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और उनके पोलीग्राफी परीक्षण तक कराए गए।
गुमशुदा नाबालिग बालिका हर्षिता सकुशल पहुंची अपने घर, परिजनों ने हरियाणा पुलिस का जताया आभार
सूचना और सुराग
सोशल मीडिया पर जारी की गई अपील और गुमशुदगी संबंधी वीडियो ने भी अहम भूमिका निभाई। इसी के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सूचना मिली कि हर्षिता को दिल्ली के मोतीबाग क्षेत्र में देखा गया है। प्राप्त गुप्त सूचना पर तत्परता और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अथक प्रयासों के बाद 19 सितम्बर 2025 को नानकपुरा, दिल्ली स्थित झुग्गी-झोपड़ी से हर्षिता को सकुशल बरामद कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया
बरामदगी के उपरान्त बालिका को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उसकी काउंसलिंग भी करवाई गई। इसके बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया। आवश्यक मेडिकल परीक्षण के बाद हर्षिता को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस का संकल्प
यह सफलता हरियाणा पुलिस की संवेदनशीलता, तकनीकी दक्षता और निष्ठापूर्ण कर्तव्यपरायणता का सशक्त उदाहरण है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई न केवल एक परिवार को राहत देती है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी गहरा करती है। हरियाणा पुलिस पुनः आश्वस्त करती है कि हरियाणा पुलिस के लिए नागरिकों की सुरक्षा, विशेषकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा, सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में उनके हितों की रक्षा हेतु पुलिस सदैव तत्पर है।