पंचकूला। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन एवं डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार 9 सितंबर को पंचकूला सेक्टर-9/10 और 11/15 चौक के बीच एक बुजुर्ग व्यक्ति को बातो में उलझाकर पर्स चोरी कर आरोपी फरार हो गए थे। इस संबंध में पीड़ित द्वारा पुलिस चौकी 10 में शिकायत दर्ज करवाई गई, जिसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गहन जांच की। घटना को लेकर थाना सेक्टर-14 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
12 सितंबर को क्राइम ब्रांच-19 के प्रभारी प्रीतम सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर सेक्टर-16 स्थित न्यू लेबर चौक की ओर आ रहे हैं। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को रोककर पूछताछ की और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंदा पुत्र महीपाल और मनीष कुमार पुत्र रामसुंदर के रूप में हुई है, जो दोनों पंचकूला की इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गोविंदा के खिलाफ पूर्व में नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है।
इंदिरा कॉलोनी के 2 शातिर चोर गिरफ्तार, बुजुर्ग का पर्स चोरी कर हुए थे फरार
पुलिस ने वारदात में प्रयोग बाइक, 8500 कैश व जरुरी दस्तावेज बरामद किए
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल, 8,500 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले की आगे की जांच मुख्य सिपाही सुनील कुमार द्वारा की जा रही है। बरामदगी के उपरांत दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।