पंचकूला। पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन की अगुवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 4 सितम्बर को एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि एक युवक किसान मंडी सेक्टर-14 पंचकूला के पास अवैध हथियार के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही इंचार्ज प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बिट्टू उर्फ लब्बल पुत्र बीरमपाल निवासी राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17, पंचकूला (उम्र 40 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पुलिस ने एक देशी कट्टा बरामद किया।
पंचकूला में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, 6 आपराधिक मामले पहले से दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-14 में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर संजीव कुमार द्वारी की जा रही है। डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिट्टू के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े के छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। 5 सितम्बर को उसे अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान यह पता लगाने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है कि आरोपी हथियार बेचने की नीयत से घूम रहा था या किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।