पंचकूला। सेक्टर-14 स्थित हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के सरकारी क्वार्टर्स में रहने वाले कर्मचारी इन दिनों बरसात के मौसम में भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण क्वार्टर्स की छतों से पानी टपक रहा है, जिससे मकानों के कमरों में नमी और सीलन भर गई है। कर्मचारियों का कहना है कि बरसात के दिनों में हालात इतने खराब हो जाते हैं कि परिवारों को रातभर जागकर गुज़ारा करना पड़ता है।
कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार द्वारा हर साल करोड़ों रुपये का बजट मकानों की मरम्मत व रख-रखाव के लिए रखा जाता है, लेकिन यह बजट केवल कागज़ों तक ही सीमित रहता है। हकीकत में न तो क्वार्टर्स की छतों की मरम्मत होती है और न ही कोई बड़ा सुधार कार्य। कर्मचारियों का कहना है कि विभागीय अधिकारी सिर्फ कागज़ों में मेंटेनेंस का काम दिखाकर बजट का दुरुपयोग कर रहे हैं।
समस्या इतनी गंभीर हो गई है कि कर्मचारियों ने इसकी लिखित शिकायत विभाग से लेकर सीए तक भेजी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्वार्टर्स में रहने वाले परिवारों का कहना है कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को इस हालात में रहना मुश्किल हो गया है। नमी और टपकते पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत कार्य नहीं करवाया गया तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि क्वार्टर्स की तुरंत मरम्मत कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
पंचकूला सेक्टर-14 के सरकारी क्वार्टर्स बने परेशानी का सबब, बरसात में टपक रही छतें
बरसात का मौसम जहां आम लोगों के लिए राहत लेकर आता है, वहीं पंचकूला सेक्टर-14 के सरकारी मकानों में रहने वाले कर्मचारियों के लिए मुसीबत बन गया है। अब देखना होगा कि सरकार कर्मचारियों की इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी ठोस कदम उठाती है। इस पूरे मामले पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि उन्हें कर्मचारियों की शिकायत मिली है और वे जल्द ही मामले की जांच करवाएंगे। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की समस्या का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।