चंडीगढ़। नियमित शिक्षकों की भर्ती के बाद हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत टीजीटी शिक्षकों पर नौकरी का खतरा मंडरा गया था। बाकायदा, 13 जून को टीजीटी के पदों पर एचकेआरएन के माध्यम से अनुबंध आधार पर कार्यरत शिक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया था। लिहाजा, मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से सरप्लस होने के कारण कार्यभार मुक्त हुए शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए अनुबंध बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, यह अनुबंध 30 सितंबर तक ही मान्य होगा। मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि सरप्लस अध्यापकों को अन्य विद्यालयों में वर्कलोड के आधार पर समायोजित किया जाएगा।
सरप्लस एचकेआरएन टीजीटी को बड़ी राहत, बढ़ाया गया अनुबंध
मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद मौलिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को एचकेआरएन के माध्यम से अनुबंध आधार पर विभाग में टीजीटी के विषयों के पदों पर कार्यरत अध्यापकों का अनुबंध बढ़ाया गया है। बता दें कि शिक्षा विभाग में एचकेआरएन के माध्यम से कला शिक्षक सहायक और फिजिकल एजुकेशन सहायक कार्यरत हैं, उन्हें हटाया नहीं जाएगा। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कार्यरत अध्यापक जिन विद्यालयों में कार्यरत थे, उन प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि डीडीओएस को निर्देशित किया जाए कि उन कर्मचारियों का अनुबंध 30 सितंबर तक बढ़ाया गया है,एचकेआरएन पोर्टल पर इसकी जानकारी अपडेट की जाए और इस अवधि का इनका वेतन नियमानुसार जारी किया जाए।