चंडीगढ़। हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज अपने चंडीगढ़ स्थित निवास कबीर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संकल्प पत्र का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महासंघ के पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक दीपक की भाँति पूरे समाज को प्रकाशमान करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शैक्षिक महासंघ द्वारा एक सितम्बर से आरम्भ होने वाला यह संकल्प शिक्षा जगत के लिए न केवल प्रेरणादायी सिद्ध होगा, बल्कि एक मील का पत्थर भी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने किया शैक्षिक महासंघ के संकल्प पत्र का विमोचन
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रामवीर शर्मा ने बताया कि महासंघ एक सितम्बर 2025, सोमवार को प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश भर के लगभग पाँच लाख विद्यालयों में "हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान" शीर्षक से संकल्प दिवस का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी तथा विद्यालय का पूरा स्टाफ सामूहिक रूप से संकल्प लेकर अपने विद्यालयों को सजाने-संवारने का कार्य करेंगे।
इस अभूतपूर्व कार्यक्रम का उद्देश्य है कि शिक्षक एवं शिक्षार्थी स्वावलंबी, सु–संस्कृत, संस्कारवान और सामर्थ्यवान बनें। संकल्प के तहत शिक्षक व विद्यार्थी प्रण लेंगे कि वे विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित, हरित और प्रेरणादायी बनाएंगे। विद्यालय की संपदा, संसाधन एवं समय को राष्ट्रधन मानते हुए उसका संरक्षण करेंगे। ऐसा वातावरण निर्मित करेंगे जहाँ किसी प्रकार का भेदभाव न हो। शिक्षा को केवल ज्ञानार्जन का माध्यम न मानकर, चरित्र निर्माण और समाज सेवा का साधन मानकर कार्य करेंगे।
संकल्प पत्र में यह भी कहा गया है कि शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर विद्यालय को संस्कार, सेवा और समर्पण का तीर्थ बनाएंगे तथा इसके गौरव को निरंतर बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर शैक्षिक महासंघ के प्रदेश सचिव विनोद चौहान और प्रदेश कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम भारद्वाज उपस्थित रहे।