चंडीगढ़। हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री राजेश नागर ने आज कुरुक्षेत्र स्थित नए लघु सचिवालय में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की। इस दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि बिजली कनेक्शन के एक मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच के बाद दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही एफआईआर दर्ज करने में सात माह का समय लगाने वाले तीन पुलिस जांच अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी। नागर ने अधिकारियों को सख्त आदेश देते हुए कहा कि ब्रह्मसरोवर से तुरंत प्रभाव से डंपिंग स्थल से बदला जाए। इस अवसर पर उन्होंने आम जन की समस्याओं को सुना और समाधान किए। बैठक में राज्यमंत्री के समक्ष 14 शिकायतें रखी गई थी, इनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया है।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री राजेश नागर ने आज कुरुक्षेत्र स्थित नए लघु सचिवालय में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की
बिजली कनेक्शन के मामले में एफआईआर दर्ज, अब निष्पक्षता के साथ जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी - राज्यमंत्री राजेश नागर
उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र की ऑनलाइन प्रक्रिया लांच हो चुकी है। इसमें कागजात दिए जाते हैं और उनके आधार पर वेरिफिकेशन के बाद आवेदन को मंजूर किया जा रहा है। शिकायत के निपटान की समय सीमा भी तय की गई है। फिर भी यदि कोई समस्या आती है तो उसे दुरुस्त करवाया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को लेकर प्रोत्साहित करने वाली योजनाएं लेकर आ रही है। युवाओं को नशे से दूर करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। हमारी कोशिश है कि युवाओं को स्वस्थ और बेहतर भविष्य प्रदान किया जाए। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि यदि शहर में नशे को लेकर कोई समस्या है तो पुलिस अधीक्षक को शिकायत दें। ऐसे किसी भी मामले में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही साथ मंत्री श्री नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बेसहारा पशुओं को गौशालाओं में भेजा जाए। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।