पंचकूला। सेवा और समर्पण के लिए विख्यात रोटरी क्लब पंचकूला को रोटरी इंटरनेशनल द्वारा प्रतिष्ठित “क्लब एक्सीलेंस अवार्ड 2024-25” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान क्लब को वर्ष 2024-25 के दौरान समाजहित में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और रोटरी के आदर्श मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रदान किया गया है। उल्लेखनीय है कि रोटरी इंटरनेशनल विश्वभर के रोटरी क्लबों का संचालन करता है।
रोटरी क्लब पंचकूला को मिला क्लब एक्सीलेंस अवार्ड 2024-25
क्लब के अध्यक्ष (2024-25) अश्वनी मित्तल ने इस अवसर पर कहा, “यह पुरस्कार हमारे सभी सदस्यों की निष्ठा, सामूहिक प्रयास और सेवा भावना का परिणाम है। यह उपलब्धि हमें भविष्य में और अधिक उत्साह और समर्पण के साथ समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगी।”
क्लब के सचिव (2024-25) रोहित सिंगला ने बताया कि इसी वर्ष रोटरी क्लब पंचकूला को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 का ‘बेस्ट क्लब अवार्ड’, अध्यक्ष अश्वनी मित्तल को ‘बेस्ट प्रेसीडेंट अवार्ड’, तथा उन्हें स्वयं को ‘ज़ोनल एक्सीलेंट सेक्रेटरी’ का सम्मान भी प्राप्त हुआ है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024-25 के दौरान रोटरी क्लब पंचकूला ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त शहर अभियान और सामुदायिक सेवा जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया। क्लब के प्रोजेक्ट माँ, एग बैंक, दिव्यांग सेवा केंद्र और वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर को वर्ष के स्टार प्रोजेक्ट्स के रूप में विशेष पहचान मिली। यह पुरस्कार क्लब की सेवाभावना और उत्कृष्ट कार्यशैली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुष्टि करता है।