पंचकूला। सरकारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-1, पंचकूला में “एक पेड़ माँ के नाम” योजना के अंतर्गत एक दिवसीय फलदार वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शैलजा छाबड़ा ने किया। इस अवसर पर प्राचार्या शैलजा छाबड़ा ने कहा, “वृक्ष हमारी धरती के जीवनदाता हैं। यह अभियान हमें न केवल हरित वातावरण प्रदान करेगा बल्कि हमें अपनी जड़ों और माँ के प्रति आभार प्रकट करने का भी अवसर देगा। जिस प्रकार माँ हमें जीवन देती है, उसी प्रकार पेड़ भी हमें जीवनदायी वायु, भोजन और छाया प्रदान करते हैं। हर विद्यार्थी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएँ और उसका पालन-पोषण माँ की तरह करें।”
एक पेड़ माँ के नाम योजना के अंतर्गत कॉलेज में वृक्षारोपण अभियान
वृक्षारोपण अभियान में पौधों का योगदान एम.एससी. बॉटनी के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जो इको क्लब के सक्रिय सदस्य हैं। इको क्लब संयोजक डॉ. नीरज ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, “पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह वृक्षारोपण अभियान विद्यार्थियों को प्रकृति से जुड़ने और उसकी जिम्मेदारी समझने का अवसर देता है। हमारे छात्र-छात्राएँ केवल अकादमिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व निभाने में भी आगे रह रहे हैं। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और हरित भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर इको क्लब समिति के सदस्य एंजेला, डॉ. सरोज रानी, डॉ. शैलजा कौशल और डॉ. प्रियंका भी उपस्थित रहे।