चंडीगढ़। मिड डे मील वर्कर यूनियन हरियाणा ( सीटू) के शिष्टमंडल की शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से सचिवालय में मांगों एवं समस्याओं को लेकर बातचीत हुई। गौरतलब है कि 3 अगस्त को मिड डे मील वर्कर्स यूनियन हरियाणा (सीटू) के नेतृत्व में प्रदेश भर से हजारों मिड डे मील वर्कर्स पानीपत पहुंची थी। उन्होंने अपनी मांगों और समस्याओं के लिए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के कार्यालय का घेराव किया था। मंत्री ने 19 अगस्त को पुन: यूनियन को बातचीत के लिए चंडीगढ़ में वार्ता के लिए आमंत्रित किया था। आज की वार्ता में यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष राजरानी, महासचिव जयभगवान, उपाध्यक्ष गगनदीप, सुनीता, ओपी माटा, सचिव शरबती, प्रकाश, लाल देवी, कोषाध्यक्ष सत्यवान, मदन सिंह, सीटू राज्य सचिव सुनील दत्त शामिल रहे।
हरियाणा सचिवालय में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से हुई मिड डे मील वर्कर्स यूनियन से वार्ता
सभी मांगों पर बात करते हुए मंत्री ने आश्वस्त किया जल्द ही केबिनेट में चर्चा करके करेंगे समाधान
मंत्री के निर्देश पर हुई महानिदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा विवेक अग्रवाल के साथ हुई बैठक
शिक्षा मंत्री के साथ वार्ता में राज्य प्रधान राजरानी और महासचिव जयभगवान ने कहा कि लंबे समय से मिड डे मील वर्कर्स की अनदेखी की जा रही है। कई कई महीने से वर्कर्स का मानदेय नहीं दिया जा रहा है। वर्दी का पैसा भी स्कूलों में नहीं मिल रहा। मानदेय में कटौती की जा रही हैं। सरकार व प्रशासन मिड डे मील वर्कर्स का शोषण कर रहा है। मानदेय भी 10 महीने मिलता है,जबकि काम तो करीबन 11 महीने करना पड़ता है। इसीलिए शिक्षकों व अन्य स्टाफ की तरह 12 महीने वेतन मिलना चाहिए व यह 26000 रूपये से कम नहीं होना चाहिए। करीब 30 साल से यह योजना जारी है, लेकिन जिन वर्करों ने इस योजना में सालों काम किया उन्हें सेवानिवृति के समय एक रूपया तक नहीं मिलता। स्कूल में डयूटी के दौरान भोजन बनाते हुए दुर्घटनाओं में घायल हो जाते हैं, वर्करों की मौत हो जाती है लेकिन किसी प्रकार की आर्थिक मदद का प्रावधान नहीं है। सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि विभाग व मंत्री ने कहा कि मानदेय बढ़ौतरी, रिटायरमेंट लाभ, 12 महीने मानदेय, वर्दी भत्ते में बढ़ोतरी आदि सभी मुद्दों के लिए कैबिनेट के सामने प्रस्ताव भेजेंगे।प्रस्ताव। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगी। यूनियन नेताओं ने वार्ता के बाद कहा कि अगस्त में राज्य कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में सभी जिलों के नेता भाग लेंगे। उस बैठक में आगामी रणनीति पर चर्चा करके फैसला करेंगे।