चंडीगढ़। प्रदेश में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं/गैर उपभोक्ताओं को बिजली चोरी के जुर्माने की राशि का भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो ने दो विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं कॉल सेंटर नंबर- 0172-2801240 और टोल फ्री नंबर- 1800-180-2124। टोल फ्री नंबर 24 घंटे, सातों दिन संचालित रहता है जबकि कॉल सेंटर नंबर- 0172-2801240 प्रातः 9 बजे से सांय 5 बजे तक संचालित रहता है। टोल फ्री नंबर के माध्यम से आमजन बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन से संबंधित शिकायतें और सुझाव सीधे ब्यूरो तक पहुंचा सकते हैं जबकि कॉल सेंटर नंबर के माध्यम से आमजन को बिजली चोरी के जुर्माने की राशि का भुगतान करने के लिये जागरूक किया जाता है।
हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की पहलः बिजली चोरी रोकने और बिजली चोरी के जुर्माने की राशि का भुगतान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का मानना है कि बिजली चोरी न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ भी डालती है। इसी को ध्यान में रखते हुए, ब्यूरो द्वारा हैल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे है, ताकि नागरिक आसानी से शिकायत दर्ज करा सकें और विभाग तत्काल कार्यवाही कर सके। इसके साथ ही, समय पर बिल चोरी की राशि का भुगतान करने के लिये जागरूक किया जाएगा। ब्यूरो के अनुसार, बिजली चोरी से संबंधित सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। इस कदम से बिजली चोरी की घटनाओं में गत वर्षों की अपेक्षाकृत कमी आई है और राज्य में पारदर्शी व जवाबदेह बिजली आपूर्ति प्रणाली को बढ़ावा मिला है।
जनता से अपील हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि वे बिजली चोरी जैसे गैरकानूनी कार्यों में लिप्त न हों और समय पर अपने बिजली बिल का भुगतान करें। यदि आमजन को कहीं बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन या इससे जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत टोल फ्री नंबर- 1800-180-2124 पर सूचित करें। सूचना प्रदान करने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।