भिवानी। टीआईटी कॉलेज में बीटेक तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे छात्र ने छात्रावास के कमरे में रविवार रात करीब दस बजे फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं, मृतक के चाचा के बयान दर्ज कर पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। चरखी दादरी निवासी 21 वर्षीय निशांत भिवानी के टीआईटीएस कॉलेज में बीटेक तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। पिछले तीन सालों से वह यहां छात्रावास में ही रह रहा था।
छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर किया सुसाइड
रविवार देर रात करीब दस बजे छात्रावास के वार्डन व छात्रों ने निशांत को कमरे में बंद पाया तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ निशांत को फंदे से नीचे उतारा। निशांत ने रस्सी के सहारे छात्रावास के कमरे में पंखे से लटककर अपनी जान दी। मृतक के चाचा उदय सिंह ने बताया कि निशांत दो भाई हैं। उसका एक छोटा भाई है जो पढ़ाई कर रहा है। वहीं निशांत के पिता हरियाणा रोडवेज में बतौर परिचालक नौकरी करते हैं। निशांत ने किस वजह से आत्महत्या की है, इसकी वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। वहीं बीटीएम पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एचसी जयवीर ने बताया कि मृतक के चाचा उदय सिंह के बयान दर्ज कर शव का सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।