पंचकूला। गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सेक्टर –1 में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा वीरवार को प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा के नेतृत्व में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में सांझी रोटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य एनएसएस स्वयंसेवकों में सामाजिक समरसता और सामाजिक सद्भावना को प्रोत्साहित करना था। उल्लेखनीय है कि सांझी रोटी कार्यक्रम की शुरुआत सबसे पहले इसी कॉलेज ने की थी, जिसे आगे चलकर हरियाणा सहित अन्य राज्यों के विद्यालयों और महाविद्यालयों की एनएसएस इकाइयों ने अपनी गतिविधियों में शामिल कर लिया है।
पंचकूला से देशभर तक: सेक्टर-1 कॉलेज की सांझी रोटी पहल बनी सामाजिक सद्भाव की मिसाल
सेक्टर-1 में शुरू हुई यह अनूठी परंपरा, हरियाणा सहित अन्य राज्यों की एनएसएस इकाइयों ने भी अपनाई
दिलों को जोड़ने का माध्यम है सांझी रोटी : डॉ. अंजू मनोचा
कार्यक्रम में हरियाणा के उच्चतर शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ. अंजू मनोचा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ खुशीला एवं राज्य एनएसएस अधिकारी दिनेश कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम में उप प्राचार्या डॉ. अपराजिता हुड्डा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंजू मनोचा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सांझी रोटी केवल भोजन साझा करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का माध्यम है। यह पहल हमें सिखाती है कि सामाजिक समरसता और भाईचारा केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कर्मों में होना चाहिए। जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ खुशीला ने कहा कि आज के समय में सामूहिकता और परस्पर सहयोग की भावना को पुनर्जीवित करना बेहद आवश्यक है। एनएसएस के स्वयंसेवक इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, और यह आयोजन समाज में विश्वास और अपनत्व का वातावरण बनाते हैं।
राज्य एनएसएस अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि एनएसएस का स्वयं से पहले आप का मूल मंत्र तभी सार्थक हो सकता है जब हम एक-दूसरे की खुशियों और कठिनाइयों में साझेदार बनें। आज का यह कार्यक्रम इस सिद्धांत का सजीव उदाहरण है। कॉलेज की प्राचार्या, डॉ. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि हमारा कॉलेज केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों के संवर्धन के लिए भी समर्पित है। सांझी रोटी कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि साथ बैठकर भोजन करना अपनापन, समानता और सौहार्द का सशक्त माध्यम है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि सामाजिक एकता के इस अनूठे कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपने घरों से लाए भोजन को आपस में मिल-बांटकर ग्रहण किया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. छाबड़ा ने भी स्वयंसेवकों के लिए अपने घर से विशेष रूप से तैयार भोजन लाकर इस कार्यक्रम को अधिक आत्मीय बना दिया। कार्यक्रम में अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हरप्रीत कौर वाबेजा द्वारा एनएसएस गीत की सुरमयी प्रस्तुति दी गई, जिसने वातावरण को राष्ट्र सेवा की भावना से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिवम भसीन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनमोल शर्मा, साहिल, विशांत, सचिन, चन्द्रू, जेबा, सिमरन, सुखचैन और दृश्य चंदेल का विशेष सहयोग रहा।