पंचकूला। सीईटी की परीक्षा खत्म होने के बाद अब प्रशासन एचटेट की परीक्षा करवाने के लिए तैयारियां कर रहा है। हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित एचटेट आगामी 30 व 31 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। पंचकूला जिले में 16 परीक्षा केंद्रों पर 9622 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सोमवार को उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने इस संबंध में लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हमने इस परीक्षा को शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाना है। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ड्यूटी पर तैनात किसी भी स्टाफ सदस्य की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
30 जुलाई को पीजीटी के लिए एचटेट की परीक्षा होगी जोकि सायंकाल की शिफ्ट में होनी है। 31 जुलाई को मॉर्निंग शिफ्ट में टीजीटी व इवनिंग शिफ्ट में पीआरटी की परीक्षा होगी। जिले में तीनों शिफ्टों में 9622 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए सुरक्षा के कडे प्रबंध पुलिस विभाग द्वारा करवाए जा रहे है।
सीईटी खत्म अब एचटेट की तैयारी, 30 व 31 जुलाई को होगी परीक्षा
जिला में 9622 अभ्यर्थी देंगे एचटेट की परीक्षा
सीसीटीवी से होगी निगरानी
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सघन चैकिंग भी होगी। इसके अलावा सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉल कर दिए गए हैं, जिनके माध्यम से हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम से पैनी नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों में जैमर भी लगाए जाएंगे ताकि अनुचित साधनों का प्रयोग इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कोई ना कर सके। परीक्षा के दिनों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू रहेगी।