भिवानी, 22 जुलाई। चरखी दादरी जिला प्रशासन ने सोमवार रात को चरखी दादरी के डुडीवाला नंदकरण गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उपायुक्त मुनीष शर्मा और एसपी अर्श वर्मा ने संयुक्त रूप से खुला दरबार लगाकर जन समस्याएं सुनी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जन समस्याएं सुनने के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। जिसके कारण अधिकारियों को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में जन समस्याएं सुनी।
बिजली कट के बाद अधिकारी और कर्मचारी अंधेरे में ही गर्मी में बैठे रहे। गर्मी से परेशान पुरुष परने और महिलाएं चुन्नी से हवा करती दिखाई दी। लाइट जाने के बाद वहां मौजूद लोगों और पुलिस कर्मचारियों ने मोबाइल की टॉर्च जलाई। टॉर्च की रोशनी में ही अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। हालांकि मौके पर बिजली निगम के कर्मचारी भी मौजूद थे। जिनको अधिकारियों ने डांट भी लगाई। दरअसल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हर जिले के डीसी व एसपी को हर महीने किसी एक गांव में रात्रि ठहराव कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के आदेश दिए हैं। इसी के तहत चरखी दादरी के एसपी और डीसी ने मिलकर चरखी दादरी के डुडीवाला नंदकरण गांव में जनता दरबार लगा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कई बार बिजली का लंबा कट लगा। जिसके बाद ग्रामीण और प्रशासन के अधिकारियों ने मोबाइल टॉर्च जलाकर कार्यक्रम किया।