कोरोना पॉजिटिव हुए 585
नांदेड़ साहिब के श्रद्धालुओं ने बिगाड़ा ढांचा
चंडीगढ़, 01 मई। पंजाब सरकार द्वारा कोरोना के खिलाफ शुरू किया गया आप्रेशन फतेह दम तोड़ता नजर आ रहा है। राज्य में पहले तब्लीगियों और अब नांदेड़ साहिब से लौटे श्रद्धालुओं ने सरकार के सभी बचाव प्रबंधों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। राज्य में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना के सौ से अधिक नए रोगी आने के साथ ही अब तक सूबे में कोरोना पॉजिटिव रोगियों की संख्या 585 तक पहुंच गई है।
सरकार द्वारा शुक्रवार को शाम जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में आजतक कुल 23 हजार 176 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिनमें से 585 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 18 हजार 222 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। 4369 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। 108 लोगों के ठीक होकर घर जाने के बाद 457 लोगों का अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है। पंजाब में एक रोगी की हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर और एक अन्य रोगी को आक्सीजन की स्पोर्ट दी जा रही है।
शुक्रवार को राज्य के अमृतसर में सर्वाधिक 48, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला व मोगा में एक-एक, लुधियाना में 13, फाजिल्का में चार, फिरोजपुर में 15, मोहाली में छह तथा जालंधर में 16 नए केस आए हैं। इनमें लगभग सभी कोरोना पॉजिटिव नांदेड़ साहिब यात्रा से वापस लौटे हैं। जिन्हें अस्पतालों में भर्ती करवा दिया गया है।
पंजाब सरकार के अनुसार राज्य के जालंधर जिला में अब तक 105, मोहाली में 92, अमृतसर में 90, लुधियाना में 76, पटियाला में 65, पठानकोट में 25, नवांशहर में 23, फिरोजपुर में 17, तरनतारन में 14, मानसा में 13, कपूरथला में 12, होशियारपुर 11, फरीदकोट, संगरूर व मोगा में क्रमश:छह, रोपड़ में पांच गुरदासपुर, मुक्तसर व फाजिल्का में क्रमश:चार-चार, फतेहगढ़ साहिब में तीन, बरनाला व बठिंडा में दो-दो कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं।