जगाधरी, 6 अगस्त । कांग्रेस ने आजादी के आंदोलन के दौरान मां भारती के वीर शहीदों की शहादत के गौरवशाली इतिहास को छुपाने का पाप किया है। आज मुझे जगाधरी की शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा में बहुत वेदना के साथ यह कहते हुए दुख होता है कि कांग्रेस द्वारा आजाद हिंद फौज की वीरता के इतिहास और महत्वपूर्ण तारीखों को भी छुपाया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष औम प्रकाश धनखड़ ने जगाधरी में आयोजित शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए यह बात कही। प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुज्जर ने भारत माता के जयकारों के साथ शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा में पहुंचे हजारों देशभक्तों का स्वागत किया। तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में युवा शक्ति तिरंगे लिए भागीदार बनी। कई किलोमीटर तक तिरंगे ही तिरंगे ही नजर आए।
धनखड़ ने कहा कि प्रदेश भाजपा आजादी के आंदोलन से लेकर अभी तक मां भारती के वो वीर सपूत, जो तिरंगे के लिए जिए, तिरंगे के लिए शहीद हुए,जिन्होंने तिरंगे की आन -बान- शान के लिए अपना सर्वोच्य बलिदान दिया, उन वीरों की शहादत को सम्मान और अमर करने के लिए तिरंगा यात्रा प्रदेश भर में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कितने युवा जानते है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 30 दिसंबर 1943 को अंग्रेजों से अंडेमान निकोबार को आजाद कराकर पोर्ट ब्लेयर के जिमखाना क्लब में तिरंगा फहराया। इसी तरह आजादी के आंदोलन के दौरान हुए अनेक बलिदानों और वीरों की शहादत को छुपाया गया। धनखड़ ने कहा कि आजादी के आंदोलन तथा आजादी के बाद 1962 में चीन, 1965 व 1971 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्धों में हमारे शहीद वीरों को उचित सम्मान तक नहीं दिया गया। कांग्रेस पार्टी ने एक ही परिवार को सारा श्रेय देने का काम किया। कांग्रेस ने अपने मनमाफिक इतिहास लिखा। देश में कोई भी संस्थान बने, भवन बने, एयरपोर्ट बने, खेल स्टेडियम बने बस एक की परिवार के नाम होता था। अब देश में राष्ट्रभक्ति मोदी की सरकार है।