चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में लगे कर्मचारियों को चिरायु योजना में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाएगा। इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्य सचिव सोमवार को शहरी स्थानीय निकाय लगे कर्मचारियों को मेडिकल सेवाओं का लाभ देने के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव वित विभाग अनुराग रस्तोगी, महानिदेशक शहरी निकाय विभाग विकास गुप्ता, विशेष सचिव आदित्य दहिया सहित कौशल रोजगार निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने कहा कि अब शहरी स्थानीय निकाय के जो कर्मचारी ईएसआई स्कीम में कवर नहीं होते और 21 हजार रुपए से अधिक सेलरी ले रहे हैं,उन्हें मेडिकल सेवाओं का लाभ दिया जाएगा। नगर परिषद, नगर पालिका एवं नगर निगमों में लगे कर्मचारियों को डयूटी के दौरान कोई दुर्घटना हो जाती है तो उसके ईलाज का खर्च भी सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
कौशल ने कहा कि किसी सफाई कर्मचारी, सीवरमेन, फायरमेन, फायर ड्राईवर की अचानक मृत्यु हो जाती है तो उसे मुख्यमंत्री कर्मचारी दुर्धटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपए का बीमा प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही एडहॉक, डेलीवेज व कांट्रेक्ट कर्मचारी को भी तीन लाख रुपए तक की वितिय सहायता प्रदान की जाती है।
मुख्य सचिव ने कहा जो कर्मचारी कौशल रोजगार दायरे से बाहर है, उन्हें भी स्वास्थ्य लाभ देने पर विचार किया गया। ऐसे कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री से अनुमति ली जाएगी ताकि शहरी स्थानीय निकाय व अन्य विभागों के सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।