Haryana
मोरनी में शुरू हुआ एयरो और वॉटर स्पोट्र्स,मुख्यमंत्री ने किया उदघाटन
September 29, 2021 07:13 PM
चंडीगढ़, 29 सितंबर। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज मोरनी के टिक्कर ताल में विभिन्न साहसिक खेल गतिविधियों जैसे पैरासेलिंग, पैरामोटर और जेट स्कूटर का उद्घाटन किया। इस औपचारिक उद्घाटन के साथ ही अब मोरनी हिल्स के टिक्कर ताल में ये विभिन्न ऐयरो और वॉटर स्पोट्र्स गतिविधियां व्यावसायिक रूप से संचालित हो गई हैं। इन गतिविधियों के सफलतापूर्वक संचालन के लिए विभाग द्वारा स्थानीय युवाओं को इन गतिविधियों से संबंधित कौशल को विकसित करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे एक ओर जहां राज्य में पर्यटन के विकास के लिए हरियाणा सरकार के निरंतर प्रयासों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने होम स्टे और फार्म टूरिज्म पॉलिसी का भी शुभारंभ किया। इससे पर्यटकों को होम स्टे के रूप में होटलों का एक शानदार विकल्प मिल सकेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मोरनी के साथ अपनी पुरानी यादों को स्मरण करते हुए कहा कि मोरनी का विकास एकीकृत पंचकूला विकास योजना की एक प्रमुख विशेषता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इन खेल गतिविधियों का शुभारंभ करने के साथ ही हरियाणा के पहले पर्यटन सुविधा केंद्र का शिलान्यास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि यह न केवल रोजगार प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन बन गया है बल्कि निश्चित रूप से राज्य के राजस्व और सकल घरेलू उत्पाद के ग्राफ में भी वृद्धि करेगा।