Haryana
ऐलनाबाद के प्रत्याशी पर गठबंधन जल्द करेगा फैसला:मनोहर लाल
September 29, 2021 07:08 PM
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर कहा कि ऐलनाबाद चुनाव गठबंधन द्वारा लड़ा जाएगा। पार्टियों के अध्यक्षों द्वारा अपने स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। वहां के स्थानीय नेताओं के साथ भी बातचीत की जा रही है।
बहुत जल्द गठबंधन के नेताओं द्वारा साझा बैठक की जाएगी। इस बैठक के बाद आम सहमति के साथ प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। भाजपा व जजपा में से किसी एक दल का प्रत्याशी चुनाव मैदान में जीतने के लिए उतरेगा और दूसरा दल वहां प्रचार की जिम्मेदारी संभालेगा।
पंचकूला के मोरनी में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कई बार यह संकेत दे चुके थे कि किसान आंदोलन को उनका समर्थन है। हरियाणा की सीमा में बैठे ज्यादातर किसान पंजाब के हैं। यह एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।
मनोहर लाल ने कहा कि पंजाब में राजनीतिक अस्थिरता वहां की सत्तारूढ़ पार्टी का निजी मामला है लेकिन हरियाणा में इसका असर किसान आंदोलन के माध्यम से दिखाई देगा। मनोहर लाल ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिद्धू के इस्तीफे पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह पॉलीटिकल टूरिस्ट हैं। उन्होंने राजनीति को सेवा की बजाए पर्यटन समझा हुआ है।
पंजाब में मचे सियासी घमासान को किसान आंदोलन के साथ जोड़ते हुए कहा है कि पंजाब के इस घमासान से किसान आंदोलन भी शांत होगा। क्योंकि यह बात पहले ही साफ हो चुकी है कि हरियाणा की सीमा में चल रहे किसान आंदोलन को पूरी तरह से पंजाब की कांग्रेस सरकार का संरक्षण प्राप्त है।