चंडीगढ़, 13 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ कहा है कि पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71 वें जन्म दिन के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से सेवा और समर्पण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा यह अभियान सात अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से चलेगा,क्योंकि सात अक्तूबर को मोदी शासन के 20 वर्ष पूर्ण हो रहे हंै। इसलिए इस अभियान को 20 दिन का रखा गया है।
अभियान में स्वास्थ्य,पर्यावरण,प्रदर्शनी, विचार गोष्ठियां एवं प्रचार से जुडी गतिविधियों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा 17 सितंबर को मोदी के जन्म दिन पर पार्टी प्रदेश भर में 71 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाएगी, 71 हजार पौधे प्रत्येक गांव और शहर के प्रत्येक वार्ड में लगाएंगे। इसके साथ ही केंद्र सरकार की 71 बड़ी उपलब्धियों पर वर्चुअल संवाद किया जाएगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रदेश में सभी बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता उनको याद करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जयंती को स्वच्छता एवं खादी के प्रोत्साहन और आत्मनिर्भर भारत के कार्यक्रम करते हुए मनाया जाएगा। इस पूरे अभियान की कमान भाजपा के प्रदेश महामंत्री वेदपाल और सांसद सुनीता दुग्गल को सौपी गई है।