चंडीगढ। महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा की अगुवाई में कलायत नगर पालिका की नवर्निवाचित भाजपा समर्थित चेयरपर्सन शशिबाला कौशिक एवं उनकी पूरी टीम ने चंडीगढ पहुंचकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आशीर्वाद लिया। इससे गदगद हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कलायत हलके के शहरी इलाके के लिए पालिकाओं के विकास की घोषणा अनुरूप 10 करोड 20 लाख रूपए तथा ग्रामीण आंचल के लिए भी करोडों रूपए के विकास परियोजनाओं में तेजी लाने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री आवास पर महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने हाल ही में कलायत नगर पालिका के प्रधान पद के चुनाव में सर्वसम्मति से विजेता रही शशिबाला कौशिक, वाइस चेयरपर्सन पूजा धीमान एवं समर्थक पार्षदों सहित मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करवाई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूरी कलायत पालिका की नई टीम को शुभकामनाएं दी। इसके बाद एक घंटे तक चली बैठक में राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष इलाके में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी सांझा की तथा हलके के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लिए विभिन्न परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करवाने का अनुरोध किया।
पालिका एवं पंचायत चुनाव से ठीक पहले मिली इस खुशी पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल गदगद नजर आए। उन्होंने कलायत एवं राजौंद नगर पालिका क्षेत्र में शीघ्र अपनी घोषणा अनुरूप 10 करोड 20 लाख रूपए की राशि के विकास कार्यों को शीघ्र करवाने का भरोसा दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नई टीम को पालिका क्षेत्र में आय के साधन बढाने के लिए मिलकर काम करने का मूल मंत्र दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर उनका नजरिया सबका साथ-सबका विकास की नीति पर आधारित है। इसलिए हम सब मिलकर आमजन की सुविधाओं को निरंतर वृद्धि करने का संकल्प लेंगे, तो बेहतर परिणाम आएंगे। राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया और कहा कि उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन का परिणाम है कि क्षेत्र में बिना भेदभाव विकास परियोजनाओं को सिरे चढाया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल को विश्वास दिलाया कि कलायत पालिका इलाके में आमजन की सुविधाओं को बढाने के लिए सुनियोजित तरीके से काम किए जाएंगे।