चंडीगढ़, 11 जून। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की। दुष्यंत की इस मुलाकात को हरियाणा में होने वाले प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।
हरियाणा की मनोहर सरकार में विधायकों की संख्या के अनुसार मंत्रियों के दो पद खाली हैं। गठबंधन की शर्तों के अनुसार एक पद भाजपा तो दूसरा जजपा के कोटे में जाना है। इसके अलावा प्रदेश के बोर्ड व निगमों में भी चेयरमैनों की नियुक्तियां होनी हैं। कोरोना के चलते पिछले एक साल से मंत्रिमंडल विस्तार तथा बोर्ड व निगमों में चेयरमैनों की नियुक्तियां अटकी हुई हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पिछले सप्ताह दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल को गृहमंत्री अमित शाह से भी मिलना था लेकिन यह मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसी बीच शुक्रवार को दुष्यंत चौटाला ने गृहमंत्री अमित शाह के साथ करीब बीस मिनट मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के राजनीतिक हालातों, किसान आंदोलन को लेकर चल रही गतिविधियों के अलावा प्रदेश में होने वाली नई राजनीतिक नियुक्तियों के बारे में चर्चा की है। इस मुलाकात के बाद दुष्यंत ने तो अधिकारिक बयान जारी नहीं किया अलबत्ता प्रदेश में एक बार फिर से मंत्रीमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं।