चंडीगढ, 11 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दिन की शुरूआत सीएम हाउस में बने खेत से होती है। जहां उन्होंने अपनी पसंद की मौसमी सब्जियां लगा रखी हैं। समय मिलने पर मुख्यमंत्री न केवल उनकी देखभाल करते हैं बल्कि अपनी रसोई में पकाने के लिए सब्जियां भी तोड़ कर लाते हैं।
चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में इन दिनों ऑर्गेनिक सब्जियों की खूब पैदावार हो रही है। इनमें खीरा, टमाटर, भिंडी, घीया, तोरई और करेले जैसी सब्जियां बिना किसी खाद और कीटनाशक का प्रयोग किये उगाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री सुबह की शुरुआत इनकी देखरेख के साथ करते हैं, बल्कि जरूरत पडऩे पर निराई-गुडाई का काम भी स्वयं करते हैं।
खुद करते हैं आर्गेनिक सब्जियों की देखभाल
मुख्यमंत्री खुद कृषि परिवार से संबंधित हैं। रोहतक जिले के बनियानी गांव में उनकी पुश्तैनी जमीन है,जहां वह खुद भी खेती करते रहें हैं। उन्होंने कालेज की पढाई के दौरान खूब खेती की है और फसल बेचने के लिए मण्डी में स्वयं जाते रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार उन्हें खेती का शौक शुरू से रहा है। वर्तमान में व्यस्तताओं के चलते समय नहीं निकाल पाते हैं। जिसके चलते उन्होंने सरकारी आवास के ही एक हिस्से में मौसमी सब्जियां लगा रखी हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अपने खाने के लिए मैं खुद सब्जियां पैदा करता हूं।