चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार के तीन कृषि विरोधी काले कानून कृषि क्षेत्र को तबाह करने के लिए लाए गए हैं। धरती हमारी माता है। इस माता का कर्ज कोई भी नहीं उतार सकता है। जो इस माता के साथ दगा करेगा, वह सबसे बड़ा अपराधी है। यह बातें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हरियाणा-पंजाब की सीमा स्थित शंभू बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को संबोधित करते हुए कहीं। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को बातचीत के नाम पर बार-बार बरगलाया गया। सरकार को अपने पूंजीपति मित्रों के सामने देश की जनता के हित नजर नहीं आ रहे हैं। इन काले कानूनों के जरिए सरकार कालाबाजारी और जमाखोरी को बढ़ावा दे रही है। सरकार किसानों को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है। किसान इस सरकार के षड्यंत्र को जान चुके हैं। पिछले 111 दिनों से किसान आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को किसान और मजदूर की पीड़ा बिल्कुल भी नजर नहीं आ रही है। सैलजा ने कहा कि पहले दिन से इन तीन कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी किसानों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। जब तक यह कानून वापस नहीं होंगे, कांग्रेस पार्टी यह लड़ाई लड़ती रहेगी। इस दौरान उनके साथ पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, हरियाणा कांग्रेस महासचिव डॉ अजय चौधरी, हरियाणा कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोहित जैन समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।