चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा एचसीएस अधिकारी सुधांशु गौतम की सेवाएं दोबारा हरियाणा सरकार को सौंपने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने हरियाणा से तीन अधिकारियों का पैनल मांग लिया है। हरियाणा के मुख्य सचिव कार्यालय की तरफ से शनिवार को यह पैनल चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल को भेज दिया गया है।
चंडीगढ़ में डैपुटेशन पर जाएंगे हरियाणा के अधिकारी
चंडीगढ़ में सेवाएं देकर वापस लौटे एचसीएस सुधांशु गौतम को हालही में मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री का ओएसडी तैनात किया गया है। गौतम के स्थान पर नई तैनाती भी हरियाणा कॉडर के अधिकारी की होगी। जिसके चलते हरियाणा सरकार ने आज चंडीगढ़ में डैपुटेशन के लिए तीन अधिकारियों का पैनल भेज दिया है। जिसमें एचसीएस अधिकारी मीनाक्षी राज, पंकज कुमार तथा प्रद्युमन के नाम शामिल हैं। अब चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा इन तीनों में से किसी एक को चंडीगढ़ में तैनात किया जाएगा।