National
वैक्सीन ट्रायल करवाने वाले विज कोरोना पॉजिटिव
December 05, 2020 09:05 PM
चंडीगढ़, 05 दिसम्बर। हरियाणा में कोरोना वैक्सीन के तीसरे ट्रायल की शुरूआत खुद से करवाने वाले स्वास्थ्य एवं गृहमंत्री अनिल विज भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। शनिवार की सुबह उनकी रिपोर्ट आने के बाद वह अंबाला छावनी के अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। डाक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी में है।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में मौजूद थे। जहां शाम के समय जजपा नेताओं के एक शिष्टमंडल के साथ उन्होंने बैठक में हिस्सा भी लिया। इसके बाद अनिल विज ने सामान्य की भांति प्रेस को बाइट भी दी। शनिवार की सुबह भी अनिल विज ने कई लोगों से मुलाकात की। इस बीच उनके द्वारा करवाए गए टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
अनिल विज ने 20 नवंबर से शुरू हुए कोरोना वैक्सीन के ट्रायल में भाग लेकर बतौर वालंटियर अंबाला छावनी के अस्पताल में इंजेक्शन लगवाया था। 67 वर्षीय विज पर यह ट्रायल पीजीआई एमएस के विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा हेल्थ विवि के वीसी डॉ.ओपी कालरा की मौजूदगी में किया गया था। विज देश के पहले स्वास्थ्य मंत्री हैं जिनपर कोरोना वैक्सीन का ट्रायल हुआ है।
विज को 18 दिसंबर को वैक्सीन की दूसरी डोज दी जानी थी। इससे पहले ही उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। विज में कोरोना को लेकर किसी तरह के लक्षण नहीं थे।
परिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पहले अनिल विज पानीपत में पूर्व पार्षद हरीश के निधन पर उनके परिजनों से मिलने के लिए गए थे। वहां एक कोरोना पॉजिटिव विधायक के संपर्क में आने के बाद अनिल विज ने एहतियातन बृहस्पतिवार को कोरोना टेस्ट करवाया था। जिसकी आज सुबह पॉजिटिव रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद विज को अंबाला छावनी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डाक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है।